घाघरा किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, पहचान को लेकर संशय

बलिया : उभांव थाना क्षेत्र के करीमगंज स्थित मौनी बाबा स्थान के पास घाघरा नदी किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी रही।

जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश शुरू की, लेकिन शव काफी क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान में कठिनाई आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि शव को नदी में मछलियों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया, जिससे चेहरा पहचानने योग्य नहीं बचा।

यह भी पढ़े - बलिया में मेडिकल बाईपास निर्माण की तैयारी तेज, समतलीकरण कार्य शुरू

हालांकि, शव पर मिले कपड़ों और बाएं पैर में लगी रॉड के आधार पर परिजन इसे मझौंवा गांव निवासी बृजू राजभर का शव होने की आशंका जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय बृजू राजभर 22 मई की सुबह काम की तलाश में मझवलिया गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो उनकी पत्नी सुनीता देवी ने उभांव थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।

करीमगंज में मिले शव को अब उसी गुमशुदगी के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और लापता युवक के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है।

क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसे तीन दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस दौरान पहचान नहीं हो पाती है तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा। भविष्य में पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव का डीएनए भी सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.