- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अयोध्या
- राम मंदिर परिसर में सभी मंदिरों के दर्शन अब बिना पास के, बढ़ी भीड़ तो फिर लागू होगी पुरानी व्यवस्था
राम मंदिर परिसर में सभी मंदिरों के दर्शन अब बिना पास के, बढ़ी भीड़ तो फिर लागू होगी पुरानी व्यवस्था
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर परिसर में स्थित सभी प्रमुख और पूरक मंदिरों के दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता फिलहाल समाप्त कर दी है। अब श्रद्धालु बिना किसी विशेष पास के रामलला के साथ-साथ राम दरबार परकोटे में स्थित छह देवी-देवताओं के मंदिरों और सप्त ऋषि-मुनियों के मंदिरों में भी आसानी से दर्शन-पूजन कर सकेंगे।
राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव ने बताया कि इन दिनों अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का असर है। इसके चलते दूर-दराज के राज्यों और ग्रामीण इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कुछ कम है। फिलहाल भीड़ नियंत्रण में होने के कारण श्रद्धालुओं को सभी मंदिरों में सुगमता से दर्शन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दर्शन के लिए निर्धारित मार्ग बनाया गया है, जिससे होकर श्रद्धालुओं को जाना होगा। जरूरत पड़ने पर बीच रास्ते से बाहर निकलने की भी सुविधा रहेगी। साथ ही मार्गों पर बैठने और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
