अदाणी ग्रीन एनर्जी ने शुरू किया दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट

अहमदाबाद मई 2026 : भारत की प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने गुजरात के खावड़ा में 3.37 गीगावॉट-आवर क्षमता वाला बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) शुरू कर दिया है। कंपनी के अनुसार यह चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट है।

कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में मार्च 2026 में शुरू की गई 1.37 गीगावॉट-आवर क्षमता भी शामिल है। केवल 10 महीनों के भीतर तैयार हुआ यह प्रोजेक्ट दुनिया के सबसे तेज़ी से विकसित किए गए बड़े यूटिलिटी-स्केल बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स में शामिल माना जा रहा है।

यह भी पढ़े - स्कोडा ऑटो इंडिया ने लॉन्च किया नया ‘G.O.A.T’ अभियान, ट्रैक पर बनाया रिकॉर्ड

एजीईएल के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ाने, पीक समय में बिजली आपूर्ति मजबूत करने और 24 घंटे स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 तक 10 गीगावॉट-आवर से अधिक बैटरी स्टोरेज क्षमता जोड़ने और अगले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावॉट-आवर तक पहुंचाने का है।

कंपनी के अनुसार, 3.37 गीगावॉट-आवर क्षमता वाला यह सिस्टम इतनी स्वच्छ ऊर्जा स्टोर कर सकता है कि उससे लगभग 10 लाख घरों को पूरे दिन बिजली उपलब्ध कराई जा सके। यह इंदौर, चंडीगढ़ जैसे शहरों और गोवा राज्य की पीक बिजली मांग को भी सपोर्ट करने में सक्षम बताया गया है।

एजीईएल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सागर अदाणी ने कहा कि भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव के अगले चरण में बड़े स्तर पर एनर्जी स्टोरेज की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता बढ़ रही है, वैसे-वैसे भरोसेमंद और चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति के लिए मजबूत स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरी हो जाता है।

यह प्रोजेक्ट एडवांस एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम और लिथियम-आयन बैटरी तकनीक से तैयार किया गया है। कंपनी ने इसे रणनीतिक रूप से गुजरात के खावड़ा में स्थापित किया है, जहां वह वर्ष 2029 तक 30 गीगावॉट क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट विकसित कर रही है। फिलहाल वहां 9.9 गीगावॉट क्षमता चालू हो चुकी है।

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड वर्तमान में 19.7 गीगावॉट ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता के साथ भारत की सबसे बड़ी स्वच्छ ऊर्जा कंपनियों में शामिल है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक 50 गीगावॉट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.