- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia Crime News : पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, किशोर समेत कई घायल
Ballia Crime News : पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, किशोर समेत कई घायल
बलिया : बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर-5 में पुरानी रंजिश और भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना में एक किशोर और एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, आरोपितों ने निर्माण सामग्री को पास के कुएं में फेंक दिया और मनोज कुमार व उनके 16 वर्षीय पुत्र संजीवन वर्मा के साथ मारपीट की। आरोप है कि संजीवन का गमछे से गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की गई। पथराव और लाठी के प्रहार में संजीवन के दाहिने कंधे की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं दूसरे पक्ष के रामनारायण शर्मा ने पुलिस को दी काउंटर तहरीर में आरोप लगाया कि मनोज वर्मा और उनका पुत्र न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर अवैध निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर उनकी पत्नी प्रियंका शर्मा पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया है। प्रथम पक्ष की तहरीर पर रामनारायण शर्मा, प्रियंका शर्मा, श्वेता शर्मा, पिंकी शर्मा, गुंजा सोनी, नेहा सोनी, रामेश्वर सोनी उर्फ बंगाली, प्रिंस सोनी, धनंजय सोनी समेत 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर मनोज वर्मा और उनके पुत्र संजीवन वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
