- Hindi News
- मनोरंजन
- आईएमडीबी की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्म बनी ‘काट्टालन’, रिलीज़ से पहले बढ़ा उत्साह
आईएमडीबी की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्म बनी ‘काट्टालन’, रिलीज़ से पहले बढ़ा उत्साह
मुंबई, मई 2026 : मलयालम फिल्म ‘मार्को’ की सफलता के बाद अब क्यूब्स एंटरटेनमेंट्स की नई पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर ‘काट्टालन’ रिलीज़ से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। 28 मई 2026 को दुनियाभर में रिलीज़ होने जा रही इस फिल्म ने आईएमडीबी की 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्मों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है।
फिल्म को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात को लेकर है कि क्या ‘मार्को’ और ‘काट्टालन’ की कहानियां आपस में जुड़ी हुई हैं। खासकर अभिनेता सिद्दीकी के किरदार का पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की फैन थ्योरीज़ वायरल हो रही हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
निर्माता शरीफ मुहम्मद ने कहा कि ‘काट्टालन’ के जरिए एक बड़ी, रहस्यमयी और भावनात्मक दुनिया तैयार करने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि फिल्म के एक्शन और विजुअल्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव जैसा बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
फिल्म के एक्शन सीन्स को थाईलैंड में इंटरनेशनल स्टंट कोरियोग्राफर केचा खामफकदी ने डिजाइन किया है, जो ‘ओंग-बाक’ फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं।
एंटनी वर्गीज़ ने कहा कि यह फिल्म उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को फिल्म के किरदारों और उसकी रहस्यमयी दुनिया से जोड़ना बेहद रोमांचक अनुभव रहा है।
फिल्म का निर्देशन नए निर्देशक पॉल जॉर्ज ने किया है। इसमें दुशारा विजयन फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी, जबकि सुनील और कबीर दुहन सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर ‘केजीएफ’ और ‘सलार’ जैसी फिल्मों के लिए चर्चित रवि बसरूर ने तैयार किया है।
शेमारू एंटरटेनमेंट फिल्म का डिजिटल और सैटेलाइट डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर है। बड़े स्तर के एक्शन, सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और पैन-इंडिया अपील के चलते ‘काट्टालन’ को 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में माना जा रहा है।
