- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में मेडिकल बाईपास निर्माण की तैयारी तेज, समतलीकरण कार्य शुरू
बलिया में मेडिकल बाईपास निर्माण की तैयारी तेज, समतलीकरण कार्य शुरू
बलिया : जिले में प्रस्तावित मेडिकल बाईपास रोड परियोजना को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने गुरुवार को प्रस्तावित मेडिकल बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति तथा भूमि संबंधी प्रक्रियाओं का जायजा लिया।
प्रशासन ने बताया कि चिन्हित क्षेत्र में अधिकांश लोग स्वयं अतिक्रमण हटा रहे हैं। हालांकि, तय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
34 करोड़ रुपये से बनेगा बाईपास
अधिकारियों ने बताया कि परिवहन मंत्री के प्रयासों से मेडिकल बाईपास परियोजना को शासन की मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इस परियोजना पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसमें लगभग 7.54 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर व्यय होंगे। करीब 1.5 किलोमीटर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भूमि दर निर्धारण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन भी किया गया है।
तीन गांवों से होकर गुजरेगा मार्ग
लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित सड़क का चिन्हांकन पूरा कर लिया गया है। राजस्व विभाग की टीम खतौनी और भूचित्र के आधार पर मिलान कार्य कर रही है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह प्रस्तावित मेडिकल बाईपास कुल 2.41 किलोमीटर लंबा होगा और ग्राम हैबतपुर, विजईपुर तथा बनकटा से होकर गुजरेगा। सड़क की कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी, जिसमें 7 मीटर चौड़ी पिच सड़क का निर्माण किया जाएगा।
