‘द केरला स्टोरी 2’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 28 मई को ज़ी सिनेमा पर

मुंबई : चर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ अब अपने वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के साथ दर्शकों के बीच आने जा रही है। यह फिल्म गुरुवार 28 मई को रात 8 बजे सिर्फ ज़ी सिनेमा पर प्रसारित की जाएगी। सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म एक संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को गंभीर और प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करती है।

फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा, अदिति भाटिया, सुमित गहलावत, अर्जन सिंह औजला, युक्तम खोसला और अलका अमीन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

यह भी पढ़े - ‘यादें’ के सेट पर गुलकी जोशी संग खास बॉन्डिंग शेयर कर रहीं सृष्टि सिंह

फिल्म की कहानी तीन अलग-अलग राज्यों की युवा लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो प्यार और बेहतर जीवन की तलाश में अपने परिवारों के खिलाफ फैसले लेती हैं। लेकिन बाद में वे धोखे, साजिश और शोषण के ऐसे जाल में फंस जाती हैं, जहां से निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि किस तरह भावनाओं और रिश्तों का गलत इस्तेमाल लोगों की आजादी छीन सकता है। साथ ही यह परिवारों और समाज के लिए एक चेतावनी भरा संदेश भी देती है।

दमदार अभिनय और गंभीर विषयवस्तु के कारण ‘द केरला स्टोरी 2’ हाल के समय की चर्चित फिल्मों में शामिल रही है। अब दर्शक इसे छोटे पर्दे पर भी देख सकेंगे।

‘द केरला स्टोरी 2’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर गुरुवार 28 मई, रात 8 बजे सिर्फ ज़ी सिनेमा पर होगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.