- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- कैंची धाम जा रहे सात दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, बलिया समेत चार की मौत
कैंची धाम जा रहे सात दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, बलिया समेत चार की मौत
बाराबंकी/बलिया : उत्तराखंड के कैंची धाम दर्शन के लिए निकले सात दोस्तों की इनोवा कार मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के भिखरा गांव के पास तेज रफ्तार इनोवा आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी युवक अंदर फंस गए।
मृतकों में मुगलसराय चंदौली निवासी राहुल कुमार (36), गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (35), बलिया के रसड़ा क्षेत्र के रामपुर निवासी सत्यम सिंह (38) और सूरज यादव (35) शामिल हैं। वहीं मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (35), पंकज सिंह (34) और बलिया के बेला निवासी प्रशांत गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सभी युवक आपस में करीबी मित्र थे और वाराणसी में एकत्र होकर कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना हुए थे। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे हैदरगढ़ क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक सत्यम सिंह प्राथमिक शिक्षक संघ रसड़ा के दिवंगत अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह के बड़े पुत्र थे। तेज प्रताप सिंह का निधन चार वर्ष पहले हुआ था और 11 जून को उनकी चौथी पुण्यतिथि मनाई जानी थी। बेटे की असामयिक मौत से शिक्षा जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह और शिक्षक अनिल सिंह सेंगर ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
