- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- भृगु बाबा के नाम से बनेगा मेडिकल कॉलेज, भृगु मंदिर कॉरिडोर का भी निर्माण होगा : योगी
भृगु बाबा के नाम से बनेगा मेडिकल कॉलेज, भृगु मंदिर कॉरिडोर का भी निर्माण होगा : योगी
बलिया : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस समय प्रदेश के 26 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 1.71 लाख लोग इसकी चपेट में हैं। 251 गांव बाढ़ प्रभावित हैं और एक लाख से अधिक लोगों को बाढ़ शरणालयों में रखा गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 447 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है।

बाढ़ प्रभावितों के लिए हरसंभव सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण, भूसा और चारे की व्यवस्था की जा रही है। गर्भवती महिलाओं को राशन समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली या बाढ़ में मृत्यु होने पर कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है।
बाढ़ में गरीब का मकान गिरने पर तत्काल भूमि का पट्टा और आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह आग से गरीब की झोपड़ी जलने पर भी आवास की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

भृगु बाबा के नाम से बनेगा मेडिकल कॉलेज
बलिया के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बलिया में भृगु बाबा के नाम से मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके साथ ही भृगु मंदिर कॉरिडोर का भी निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बलिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में बलिया की भूमिका और स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय के नेतृत्व में हुई स्वतंत्रता की घोषणा का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बलिया की क्रांतिकारी धरती के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मजबूत तटबंधों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा तथा प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
1500 बाढ़ पीड़ितों को राहत किट
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 1500 बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित की। इनमें बांसडीह तहसील के 1110, बैरिया के 240 और बलिया सदर के 150 प्रभावित परिवार शामिल रहे।
राहत किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 10 किलो आलू, 2 किलो भुना चना, 2 किलो चना, 2.5 किलो लाई, 1 किलो चीनी और 1 किलो खाद्य तेल के साथ छतरी, बाल्टी, मग, माचिस, तौलिया, साबुन, अगरबत्ती और वायरस पाउडर दवा शामिल है।
1300 लोगों को चिकित्सा किट
बाढ़ प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला चिकित्सा विभाग की ओर से अब तक 1300 चिकित्सा किट वितरित की गई हैं। प्रत्येक किट में बाढ़ के दौरान होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 10 प्रकार की आवश्यक दवाइयां शामिल की गई हैं।
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री सत्येंद्र सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मंत्री दानिश आजाद अंसारी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक केतकी सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
