बलिया : सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज, हेलीपैड और जर्मन हैंगर का काम अंतिम चरण में

बलिया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को सहतवार थाना क्षेत्र के पकहां गांव स्थित गलाफरपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर टेंट और जर्मन हैंगर लगाने के साथ ही हेलीपैड निर्माण का काम भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

गुरुवार को मौके पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह ने अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपीं। कार्यक्रम स्थल पर सफाई कर्मचारियों के साथ अन्य विभागों के कर्मचारी भी तैयारियों में जुटे रहे।

यह भी पढ़े - बलिया में गैस एजेंसी के कैशियर से 1.22 लाख रुपये की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने बाइक रोककर दिया वारदात को अंजाम

डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह समेत तहसील के एसडीएम और अन्य अधिकारी दिनभर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने का काम चल रहा है। इसके साथ ही मंच तैयार किया जा रहा है। मंच से कुछ दूरी पर सेफ हाउस भी बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की निगरानी में हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन ने 28 अगस्त से पहले हेलीपैड का काम पूरा करने का निर्देश दिया है।

वहीं, अभिसूचना इकाई और पुलिस की विभिन्न जांच एजेंसियों की टीमें भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां जुटा रही हैं। संभावित कार्यक्रम को देखते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने का काम भी प्रशासन और कार्यकर्ताओं की ओर से किया जा रहा है।

विधायक केतकी सिंह ने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने एसडीएम पुष्कर मिश्रा और तहसीलदार नितिन सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पार्किंग की भी तैयार व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था का खाका भी तैयार कर लिया गया है। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा वीवीआईपी पार्किंग की भी व्यवस्था की जा रही है।

हालांकि अभी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल प्राप्त नहीं हुआ है। प्रशासनिक तैयारियों के बीच संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरयू नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित कर सकते हैं।

इस दौरान एसडीएम पुष्कर मिश्रा, तहसीलदार नितिन सिंह, विधायक केतकी सिंह, अजय सिंह, मिथिलेश तिवारी, राकेश वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.