- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- नर्सिंग होम प्रकरण पर उबाल: कैंडल मार्च, ‘बलिया बंद’ और आत्मदाह की चेतावनी
नर्सिंग होम प्रकरण पर उबाल: कैंडल मार्च, ‘बलिया बंद’ और आत्मदाह की चेतावनी
बलिया: निजी अस्पतालों में हुई मौतों के बाद जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश तेज हो गया है। शनिवार देर शाम युवाओं ने शहर में कैंडल मार्च निकालकर आरोपित नर्सिंग होम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के कई निजी नर्सिंग होम में मानकों के विपरीत चिकित्सा कार्य केवल पैसे के लिए किए जा रहे हैं। वहीं, एससी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष राहुल मिश्र ने कहा कि कुछ राजनीतिक तत्व आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे जनता सफल नहीं होने देगी।
शोक सभा में चेतावनी दी गई कि यदि रविवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को छात्र नेताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा और ‘बलिया बंद’ का आह्वान किया जाएगा। छात्र नेता अविनाश सिंह नंदन ने उसी दिन आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी।
इस दौरान अधिवक्ता स्मृति चंदेल, पूर्व अध्यक्ष विवेक पाठक, धनजी यादव, अमित दुबे, मिंटू खान, अवनीश सिंह, वरुण सिंह, रमेश गिरी, अभिनव सिंह, मनीष तिवारी, अनीश सेठ, जुबेर खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
