महाशिवरात्रि पर हल्देश्वर नाथ शिव मंदिर से निकली भव्य शिव बारात

बलिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के माल्दह टोला स्थित हल्देश्वर नाथ पुरातन शिव मंदिर से बुधवार को भव्य शिव बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

शिव बारात में युवाओं द्वारा प्रस्तुत की गई धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। सजी-धजी झांकियों में बैलगाड़ी पर विराजमान भगवान शिव और माता पार्वती के साथ भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, ब्रह्मा, विष्णु, माता सरस्वती और राधा-कृष्ण की मनोहारी झलक देखने को मिली।

यह भी पढ़े - मथुरा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने जहर खाकर दी जान

बारात में भूत-प्रेतों के वेश में सजे कलाकारों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। हाथी, घोड़े और ऊंटों के साथ निकली इस शिव बारात में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। बारात हल्दी, सुल्तानपुर, नंदपुर सहित आसपास के इलाकों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बलिया–बैरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भरसौता प्रधान प्रतिनिधि मनीष सिंह और परसिया प्रधान कलटू सिंह के सहयोग से मिष्ठान और पेयजल की व्यवस्था की गई थी।

इसी क्रम में मुड़ाडीह स्थित मुंडेश्वर महादेव मंदिर से भी शिव बारात की झांकी निकाली गई, जो मनराखन बाबा, गायघाट कुआं नंबर एक और देवी तर बाजार होते हुए वापस मंदिर परिसर लौटी। इसके अलावा सीताकुंड और बिगही क्षेत्रों में भी भव्य शिव बारात निकाली गई।

बारात के उपरांत आयोजकों की देखरेख में विधिवत शिव विवाह संपन्न कराया गया, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.