कानपुर: वैलेंटाइन डे पर विवाद के बाद दो युवकों ने की आत्महत्या

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में वैलेंटाइन डे के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। एक मामले में युवक ने प्रेमिका से फोन पर हुए विवाद के बाद फांसी लगाई, जबकि दूसरे मामले में नशे की लत के चलते परिजनों से हुए विवाद के बाद युवक ने जान दे दी। दोनों घटनाओं से संबंधित परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना ग्वालटोली थाना क्षेत्र के अहिराना इलाके की है। यहां रहने वाले रामकुमार कश्यप के 25 वर्षीय पुत्र अतुल ने शुक्रवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अतुल मकानों में पीओपी का काम करता था, जबकि उसके पिता मजदूरी करते हैं।

यह भी पढ़े - UPSC Result : बाराबंकी के दो बेटों ने बढ़ाया मान, पहले प्रयास में अभिजीत को 294वीं रैंक, अनुपम बने IRS

परिजनों ने बताया कि अतुल का एक युवती से प्रेम संबंध था और वैलेंटाइन डे के दिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद अतुल ने फोन काट दिया और घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद लौटकर उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली।

परिजनों के अनुसार, अतुल पहले भी तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। उसे फंदे से उतारकर परिजन तत्काल हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

दूसरी घटना काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर हंसनगर इलाके की है। यहां रहने वाले राजकुमार के 27 वर्षीय पुत्र आशीष पासवान ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आशीष ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी काजल, एक बेटी दिव्यांशी और एक बेटा आदर्श है।

परिजनों ने बताया कि आशीष शराब और अन्य नशीले पदार्थों का आदी था, जिसका परिवार विरोध करता था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। शनिवार देर रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा और परिजनों से कहासुनी करने लगा। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दुपट्टे से फांसी लगा ली।

परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला, लेकिन तब तक आशीष की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नशे की लत और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.