T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हाथ न मिलाने की नीति बरकरार, सूर्यकुमार ने नहीं किया सलमान से हैंडशेक

कोलंबो। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में टॉस के दौरान अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ हाथ न मिलाने की अपनी नीति को बरकरार रखा, जो पिछले वर्ष दुबई में हुए एशिया कप के बाद से लागू है।

मैच शुरू होने से करीब एक घंटे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया था कि भारतीय टीम की नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अधिकारी ने कहा, “हाथ नहीं मिलाने की नीति जारी रहेगी।” बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि मैच समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के बीच भी हैंडशेक नहीं होगा।

यह भी पढ़े - डॉ. प्रीति अदाणी ने भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर जोर दिया

सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार यादव ने यह रुख हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति सम्मान और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से अपनाया है। टॉस के दौरान यह स्पष्ट दिखा जब दोनों कप्तानों के बीच किसी भी प्रकार का हैंडशेक नहीं हुआ।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हालांकि मैच से पहले कहा था कि वह क्रिकेट की भावना को बनाए रखना चाहेंगे, लेकिन भारतीय कप्तान की ओर से किसी तरह का संकेत नहीं दिया गया कि नीति में बदलाव किया जाएगा।

अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले की स्मृतियां अब भी भारतीय टीम के सदस्यों के मन में ताजा बताई जा रही हैं। इससे पहले दुबई में टूर्नामेंट से पहले आयोजित कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस में सूर्यकुमार यादव के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से हाथ मिलाने पर सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।

बीसीसीआई सूत्रों ने संकेत दिया कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारत-पाकिस्तान मैचों में यह नीति आगे भी जारी रह सकती है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.