- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- गंगा में मुंडन संस्कार के दौरान चार की डूबकर मौत, दो बालिकाएं बचाई गईं
गंगा में मुंडन संस्कार के दौरान चार की डूबकर मौत, दो बालिकाएं बचाई गईं
बलिया। गंगा नदी के शिवरामपुर संगम घाट (ब्यासी) पर रविवार सुबह मुंडन संस्कार के दौरान दो किशोरियों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो बालिकाओं को स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने समय रहते बचा लिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया गया। दोपहर बाद चारों शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों की पहचान हर्षिता चौहान (17) और नंदिता चौहान (12), दोनों निवासी रामपुर भोज (थाना गड़वार), अरुण चौहान (20) निवासी कल्याणीपुर (थाना फेफना) और अर्जुन चौहान (21) निवासी महेशपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
घटना के दौरान अर्पिता और साधना नाम की दो बालिकाओं को सुरक्षित बचा लिया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ लोग मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बना रहे थे, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ।
प्रशासन ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
