स्मार्ट मीटर के विरोध में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, राज्यपाल को ज्ञापन

बाराबंकी। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में रविवार को पटेल तिराहे पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

पार्टी के जिला अध्यक्ष जुगराज सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक तस्वीरें जलाकर विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़े - Barabanki News : 1.32 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जुगराज सिंह ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गलत रीडिंग, तकनीकी खामियों और मनमाने बिलों से उपभोक्ता परेशान हैं। उनके अनुसार, पहले जहां बिजली बिल करीब 1500 रुपये आता था, वहीं अब यह बढ़कर 6000 से 7000 रुपये तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर व्यवस्था में अग्रिम भुगतान के बावजूद लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहना व्यवस्था की खामियों को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए गए लाखों स्मार्ट मीटरों, विशेषकर प्रीपेड मीटरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ट्यूबवेल पर लगाए जा रहे 4जी मीटरों में नेटवर्क समस्या के कारण किसानों को भी दिक्कतें हो रही हैं।

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है।

पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर योजना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और उपभोक्ताओं व किसानों को राहत दी जाए।

इस दौरान नगर अध्यक्ष रामनगर रवि पाण्डेय, राजू शुक्ला, राज कुमार पाल, असद अली, महिला जिलाध्यक्ष अफसाना बानो सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.