- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सिद्धार्थनगर
- पानी की टंकी की सीढ़ी टूटी, एक बच्चे की मौत; दो को हेलीकॉप्टर से बचाया गया
पानी की टंकी की सीढ़ी टूटी, एक बच्चे की मौत; दो को हेलीकॉप्टर से बचाया गया
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में जर्जर पानी की टंकी की सीढ़ी टूटने से हुए हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। वहीं, टंकी के ऊपर फंसे दो बच्चों को वायु सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल बच्चों—गोलू (12), सनी (14) और सिद्धार्थ (10)—को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया। गोलू और सनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने बताया कि टंकी पर फंसे पवन (14) और शाबान (12) को नीचे उतारने के लिए पहले वैकल्पिक रास्ता बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन बारिश के कारण बाधा उत्पन्न हुई।
इसके बाद प्रशासन ने गोरखपुर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया। रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
उन्होंने बताया कि पूरे बचाव अभियान के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और त्वरित कार्रवाई तथा सेना के समन्वय से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
