Ambedkar Nagar News : चार बच्चों की हत्या मामले में मां का शव बरामद, जांच जारी

अयोध्या/आंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले में चार बच्चों की हत्या के मामले में कथित तौर पर आरोपी मानी जा रही मां का शव रविवार शाम एक नाले से बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि महिला की तलाश कर रही टीम को उसका शव नाले में मिला, जिसकी पहचान उसके पति ने की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के तहत परिजनों से पूछताछ की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि इसमें किसी अन्य की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

इससे पहले शनिवार को अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले में एक ही परिवार के चार बच्चों के शव घर में मिले थे। पुलिस के अनुसार, बच्चों की ईंट से कुचलकर हत्या की गई थी और गले पर धारदार हथियार के निशान भी पाए गए थे।

मृतकों की पहचान शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और सादिया (8) के रूप में हुई है। ये सभी नियाज और नाजिया खातून के बच्चे थे। घटना के समय मां घर पर मौजूद थी और घटना के बाद से लापता थी।

अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच शुरू की गई।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों बच्चों के शव गांव लाए गए, जहां शोक का माहौल रहा। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.