चंद्रशेखर हाफ मैराथन में भाग लेने बलिया पहुंचे विदेशी धावक

बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में रविवार को आयोजित होने वाले सातवें चंद्रशेखर हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी धावक बलिया पहुंचे हैं।

राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति के तत्वावधान में आयोजित सद्भावना दौड़ के लिए शनिवार को केन्या और इथियोपिया से आए करीब एक दर्जन धावकों ने अपना पंजीकरण कराया।

यह भी पढ़े - रोहुआ में ‘स्कूल चलो रैली’ से गूंजा सब पढ़ें-सब बढ़ें का संदेश, बच्चों और शिक्षकों में दिखा उत्साह

समिति के सचिव उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक विदेशी धावक प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग दो दर्जन देशी-विदेशी धावक बलिया पहुंच चुके हैं, जबकि कुल 763 धावकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।

वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को ऑफलाइन पंजीकरण के लिए जिले के अलावा अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी पहुंचे। सुबह आठ बजे से अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में छह पंजीकरण काउंटर बनाए गए थे।

केन्या से आए धावक किबिछी विजली और केपहर लूम्बसी ने पंजीकरण के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बलिया आकर उन्हें ऊर्जा की अनुभूति हो रही है। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मैराथन समिति के सदस्यों द्वारा किए गए स्वागत से वे अभिभूत दिखे।

समिति के अनुसार, विदेशी धावकों के साथ राजस्थान और हरियाणा से आए खिलाड़ियों को भी शहर के विभिन्न होटलों में ठहराया गया है।

उपेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे शारदा पेट्रोल पंप, पटपर (पचखोरा) से दौड़ की शुरुआत होगी। हरी झंडी दिखाए जाने के बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग भी इसमें भाग लेंगे।

धावकों की सुविधा के लिए पूरे मैराथन मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर रिफ्रेशमेंट बूथ बनाए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने में मैराथन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.