- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सीबीएसई 10वीं परीक्षा में रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने हासिल किए 500 में 500 अंक
सीबीएसई 10वीं परीक्षा में रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने हासिल किए 500 में 500 अंक
रुद्रपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की छात्रा हर्षा ने 500 में 500 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, हर्षा की इस उपलब्धि पर सीबीएसई मुख्यालय, नई दिल्ली ने उन्हें विशेष सम्मान के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर हर्षा के अभिभावकों, विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर और वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में सीबीएसई के सचिव हिमांशु गुप्ता (आईएएस), परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज और निदेशक (संबद्धता) जे.पी. चतुर्वेदी ने हर्षा की सफलता को देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
संयम भारद्वाज ने हर्षा को सीबीएसई पॉडकास्ट में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
सीबीएसई अधिकारियों ने हर्षा के अभिभावकों के सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की भी प्रशंसा की।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की अनुशासित शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर आगे भी उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
