- Hindi News
- भारत
- New Delhi: पैसों के विवाद में पड़ोसी ने पिता-पुत्र की हत्या, सुल्तानपुरी में नाबालिग की भी चाकू मारक...
New Delhi: पैसों के विवाद में पड़ोसी ने पिता-पुत्र की हत्या, सुल्तानपुरी में नाबालिग की भी चाकू मारकर हत्या
New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर दोहरे हत्याकांड से दहल उठी। चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) इलाके के तारा अपार्टमेंट में शुक्रवार शाम पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक पड़ोसी ने पिता और पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आरोपी ने चाकू से पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या की वजह आर्थिक रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
उधर, सुल्तानपुरी इलाके में भी एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि रोहन को सुनियोजित साजिश के तहत निशाना बनाया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी अपने 3-4 साथियों के साथ रोहन को एकांत स्थान पर ले गया और वहां उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी ने पहले भी रोहन पर हमला किया था, लेकिन उस समय पुलिस कार्रवाई के बजाय समझौते के नाम पर मामला दबा दिया गया था।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि पहले ही सख्त कार्रवाई की गई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।
