- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को जनपद स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और प्रबंधन का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का भी अवलोकन किया। इस दौरान वहां स्थापित मॉनिटरिंग स्क्रीन, रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा निगरानी प्रणाली की जानकारी ली। साथ ही लॉग बुक का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि सभी गतिविधियों का नियमित एवं व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
