- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘यादें’ के सेट पर पहेलियां सुलझाकर समय बिताते हैं कलाकार, देविश आहूजा ने साझा किया दिलचस्प अनुभव
‘यादें’ के सेट पर पहेलियां सुलझाकर समय बिताते हैं कलाकार, देविश आहूजा ने साझा किया दिलचस्प अनुभव
मुंबई। सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘यादें’ अपनी मेडिकल मिस्ट्री, भावनात्मक कहानियों और हल्के-फुल्के हास्य के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। जहां शो में डॉक्टर जटिल मेडिकल मामलों की गुत्थियां सुलझाते नजर आते हैं, वहीं ऑफ-स्क्रीन कलाकार भी शॉट्स के बीच पहेलियां और ब्रेन टीज़र्स हल कर अपने समय को रोचक बनाते हैं।
इस गतिविधि में देविश आहूजा, जो शो में डॉ. रौनक भाटिया की भूमिका निभा रहे हैं, ख्याति व्यास (डॉ. अनन्या सिंह) और अविन त्यागी (डॉ. अबीर) सबसे अधिक सक्रिय रहते हैं। यह मनोरंजक गतिविधि कलाकारों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने के साथ-साथ सेट के माहौल को भी जीवंत बनाए रखती है।
अपने अनुभव साझा करते हुए देविश आहूजा ने कहा, "रिडल सेशन्स हमारे दिन का सबसे मजेदार हिस्सा बन गए हैं। ऑन-स्क्रीन हमारे किरदार मेडिकल रहस्यों को सुलझाते हैं, जबकि ऑफ-स्क्रीन हम शॉट्स के बीच पहेलियां सुलझाने में व्यस्त रहते हैं। जैसे ही कोई सवाल पूछा जाता है, हर कोई सबसे पहले जवाब देने की कोशिश करता है। हमने इसके लिए एक अलग ग्रुप भी बना रखा है और यह दोस्ताना मुकाबला कई बार बेहद रोमांचक हो जाता है। यही छोटी-छोटी बातें शूटिंग के माहौल को हल्का और खुशनुमा बनाए रखती हैं।"
‘यादें’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे केवल सोनी सब पर किया जाता है।
