स्टार प्लस ने जारी किया 'ये फितूर तेरा' का पहला प्रोमो, देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन की दिखेगी नई प्रेम कहानी

मुंबई। स्टार प्लस ने अपने आगामी शो 'ये फितूर तेरा' का पहला प्रोमो जारी कर दिया है। यह शो दो अलग-अलग दुनिया से आए युवाओं की भावनात्मक और प्रेरणादायक प्रेम कहानी को दर्शाएगा। इसमें देबचंद्रिमा सिंघा रॉय 'सौम्या' और ईशान धवन 'जीत' के किरदार में नजर आएंगे।

शो की कहानी इस विचार पर आधारित है कि कभी-कभी किसी इंसान को पाने से ज्यादा जरूरी खुद को पहचानना और बेहतर इंसान बनना होता है। 'ये फितूर तेरा' इसी आत्मखोज, भरोसे और रिश्तों की खूबसूरत यात्रा को पर्दे पर लेकर आएगा।

यह भी पढ़े - Star Plus के नए शो ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जीत सकते हैं 1 करोड़ रुपये

भरोसे और आत्मविश्वास की कहानी

प्रोमो में सौम्या को एक शांत, संकोची और समझदार युवती के रूप में दिखाया गया है, जिसने अपने जीवन के अनुभवों के कारण लोगों, विशेषकर पुरुषों पर भरोसा करना लगभग छोड़ दिया है। पहली बार को-एड कॉलेज में कदम रखते हुए वह डर, झिझक और असुरक्षा से जूझती नजर आती है।

दूसरी ओर, जीत आत्मविश्वासी, बेबाक और प्रभावशाली व्यक्तित्व वाला युवक है। हालांकि उसकी बाहरी छवि के पीछे कई अनकही भावनाएं और संघर्ष छिपे हैं। समय के साथ वही जीत, सौम्या के लिए सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद साथी बन जाता है और दोनों के बीच विश्वास, समझ और भावनाओं पर आधारित एक मजबूत रिश्ता विकसित होता है।

देबचंद्रिमा बोलीं- किरदार से खुद को जोड़ पाती हूं

अपने किरदार पर बात करते हुए देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने कहा कि वह सौम्या के सफर से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि छोटे शहर से आकर मनोरंजन जगत में अपनी जगह बनाना उनके लिए भी आसान नहीं था। नए माहौल में खुद को ढालने और डर का सामना करने का अनुभव उन्हें सौम्या के किरदार के और करीब ले जाता है।

ईशान धवन ने बताया जीत की खासियत

ईशान धवन ने कहा कि उन्हें इस कहानी की सबसे खास बात इसके किरदारों की भावनात्मक गहराई लगी। उनके अनुसार जीत बाहर से बेहद आत्मविश्वासी और मजबूत दिखाई देता है, लेकिन उसके व्यक्तित्व के कई ऐसे पहलू हैं, जिन्हें दर्शक धीरे-धीरे जान पाएंगे। यही उसके किरदार को खास बनाता है।

स्टार प्लस का नया शो 'ये फितूर तेरा' जल्द ही प्रसारित होगा। चैनल को उम्मीद है कि भरोसे, आत्मविश्वास और प्रेम पर आधारित यह कहानी दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफल रहेगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.