- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: सोनवानी सीएचसी में छह माह से प्रसूताओं को नहीं मिल रहा पौष्टिक आहार, योजना ठप
Ballia News: सोनवानी सीएचसी में छह माह से प्रसूताओं को नहीं मिल रहा पौष्टिक आहार, योजना ठप
हल्दी (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनवानी में प्रसव के बाद महिलाओं को दिए जाने वाले पौष्टिक भोजन, फल और दूध की व्यवस्था पिछले करीब छह माह से ठप पड़ी है। इससे प्रसूताओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई महीनों से अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को निर्धारित पोषण सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जबकि इस योजना के लिए सरकार नियमित रूप से बजट उपलब्ध कराती है। उनका कहना है कि माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण योजना का लंबे समय तक बाधित रहना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रसूताओं को फल, दूध और पौष्टिक भोजन की सुविधा तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
इस संबंध में सीएचसी सोनवानी के अधीक्षक डॉ. मुकर्रम अहमद ने बताया कि भोजन व्यवस्था का जिम्मा एक ठेकेदार को सौंपा गया था। ठेकेदार कुछ माह पहले अस्पताल आया था, लेकिन उसके बाद दोबारा नहीं लौटा, जिसके कारण प्रसूताओं के लिए भोजन वितरण की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
