- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दो पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी, युवक समेत तीन जिला अस्पताल रेफर
बलिया में दो पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी, युवक समेत तीन जिला अस्पताल रेफर
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के हड़िहाकलां गांव में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और इस दौरान चाकूबाजी की घटना भी हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी रेवती पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लालबहादुर, राकेश और अक्षयलाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले में रेवती एसओ अनुपम जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
