यूपी–बिहार बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: बलिया पुलिस ने 17.70 लाख की शराब पकड़ी, चालक फरार

बलिया। बिहार में शराबबंदी के बाद से यूपी के रास्ते शराब तस्करी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार रात बैरिया थाना पुलिस ने यूपी–बिहार सीमा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 315 पेटी विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की। कोहरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया।

क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि जयप्रकाश नगर पुलिस चौकी इंचार्ज मयंक कुमार अपनी टीम के साथ बिहार सीमा से सटे इलाके में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जयप्रकाश नगर से सेवादास की मठिया के पास बीएसटी बांध पर एक सफेद पिकअप आती दिखाई दी। रोकने का इशारा करने पर चालक वाहन तेज रफ्तार में भगाने लगा।

यह भी पढ़े - होली के दिन विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन पर केस

सेवादास की मठिया के निकट चालक पिकअप को बांध से नीचे खेत में उतार ले गया। आगे रास्ता नहीं मिलने पर वह वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से कुल 2780 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने पिकअप मालिक नितेश कुमार यादव पुत्र हरेराम यादव, निवासी बड़का नगर, मुरलीछपरा, थाना दोकटी (बलिया) तथा अज्ञात चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब किस गोदाम से लाई गई थी, इसकी जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.