टाउन हॉल रोड स्थित मिर्ची रेस्टोरेंट में लगी आग, बड़ा हादसा टला

बलिया : शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पांच दिनों के भीतर आगजनी की दूसरी बड़ी घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। चार दिन पहले विशुनीपुर चौराहे पर स्थित एक दवा दुकान में भीषण आग लगने के बाद रविवार को शहर के पॉश इलाके टाउन हॉल रोड स्थित मिर्ची रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। घटना के समय रेस्टोरेंट खुला हुआ था और कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे। रसोई में तंदूर की भट्टी से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया।

रेस्टोरेंट संचालक गुड्डू सिंह के अनुसार तंदूर में कोयला जल रहा था, तभी उससे निकली चिंगारी ने रसोई में आग पकड़ ली। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन समय रहते कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए शुरुआती प्रयास किए, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा नुकसान होने से बच गया।

यह भी पढ़े - Ballia News : बलिया में 15 जून तक बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल, आदेश जारी

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

रेस्टोरेंट मालिक का दावा है कि आग से निपटने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण मौजूद थे और शुरुआती समय में उनका इस्तेमाल भी किया गया। हालांकि, शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले कमर्शियल इलाके में बिना इंश्योरेंस और अग्निशमन मानकों की अनदेखी कर बड़े प्रतिष्ठानों के संचालन पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.