बलिया में गेहूं क्रय केंद्रों के संचालन को लेकर कांग्रेस ने उठाई मांग

बलिया। गेहूं खरीद केंद्रों के संचालन में हो रही देरी और किसानों की परेशानी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी को पत्रक सौंपकर मानक के अनुसार गेहूं क्रय केंद्रों का तत्काल संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं क्रय केंद्र खोलने के दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। केंद्र बंद रहने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़े - बलिया और गाजीपुर को ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन की सौगात, 8 अप्रैल से चलेगी झांसी-आसनसोल स्पेशल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि किसान पहले ही मौसम की बेरुखी झेल रहा है। कई किसान अभी तक फसल की कटाई नहीं कर पाए हैं, जबकि जिन्होंने किसी तरह कटाई कर ली है, उनके सामने गेहूं भंडारण की समस्या खड़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार अब तक गेहूं क्रय केंद्र खोलने में नाकाम रही है। इसकी वजह से किसान अपनी मेहनत की फसल को औने-पौने दाम पर बाजार में बेचने को मजबूर हैं।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि किसानों के हित में तत्काल गेहूं खरीद केंद्र खोले जाएं, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

इस मौके पर बृजेन्द्र पांडेय ‘मुखिया’, विनोद सिंह, रामजी चौबे, संजीत चौहान, अब्दुल हमीद, रीतेश चौहान, संग्राम तिवारी, मनीष ठाकुर, रघु शर्मा, मुहम्मद शरीफ, अशोक पांडेय, हरेराम यादव, रत्नेश सिंह, देवेंद्र मिश्र, धीरेन्द्र मिश्रा और प्रवीण सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.