- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में स्कूल प्रांगण में जले मिले सरकारी बैग, बीएसए ने लिया स्वतः संज्ञान; कार्रवाई होगी नजीर
बलिया में स्कूल प्रांगण में जले मिले सरकारी बैग, बीएसए ने लिया स्वतः संज्ञान; कार्रवाई होगी नजीर
बलिया। शिक्षा क्षेत्र सीयर के बिल्थरा रोड नगर स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूली बैग जले मिलने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए मनीष कुमार सिंह ने स्वतः संज्ञान लिया है और तत्काल जांच टीम गठित कर दी है।
गौरतलब है कि कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बिल्थरा रोड नगर के प्रांगण में ही खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भी संचालित हैं। ऐसे में विद्यालय परिसर में बड़ी मात्रा में सरकारी बैगों का जलना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि जले हुए बैगों पर ‘शिक्षा का अधिकार’ और ‘सर्व शिक्षा अभियान’ अंकित था। इस घटना ने सरकारी संसाधनों के रखरखाव और उनकी जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक बीईओ, डीसी और स्वयं उनके नेतृत्व में टीम बनाई गई है। टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो पूरे विभाग के लिए नजीर बनेगी। विभागीय स्तर पर इसे बेहद गंभीर लापरवाही माना जा रहा है और जल्द ही जिम्मेदारों पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
