Ballia News : सरयू नदी में नहाते समय युवक डूबा, शव बरामद

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में सरयू नदी के मलाही चक घाट पर शनिवार को नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, मनियर थाना क्षेत्र के मानिकपुर (महेंद्रा) गांव निवासी 22 वर्षीय यश ठाकुर अपने दोस्तों के साथ खादीपुर गांव के मलाही चक क्षेत्र में क्रिकेट खेलने आया था। खेल समाप्त होने के बाद वह साथियों के साथ सरयू नदी में स्नान करने गया।

यह भी पढ़े - बलिया : 9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए एडीआर भवन में बैठक, अधिकारियों को दिए गए निर्देश

नदी में नहाने के दौरान तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आने से सभी युवक घबरा गए और किनारे की ओर निकलने लगे। इस दौरान अन्य साथी तो सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन यश ठाकुर गहरे पानी में डूब गया।

साथियों के शोर मचाने पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की।

सूचना मिलने पर तहसीलदार नितिन सिंह और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.