- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया : 9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए एडीआर भवन में बैठक, अधिकारियों को दिए गए निर...
बलिया : 9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए एडीआर भवन में बैठक, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बलिया : 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय, बलिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार संपन्न हुई।
बैठक में लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण करा सकें।
अपर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा को उनके क्षेत्राधिकार से संबंधित अधिक से अधिक वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान को न्यायालयों और बैंकों द्वारा जारी नोटिसों एवं सम्मनों की अधिकतम तामील सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामलों का निपटारा हो सके।
बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे एनपीए खातों से संबंधित नोटिस शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे समय पर उनकी तामील कराई जा सके।
साथ ही सभी अधिकारियों से स्थानीय स्तर पर लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा, सीओ नगर मो. उस्मान, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक आशुतोष सिंह, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक राजेश कुमार, यूनियन बैंक के प्रबंधक शुभम कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक रंजन सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक संतोष कुमार पाण्डेय एवं आलोक कुमार, तथा एलडीएम कार्यालय के सहायक अखिलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
हालांकि सूचना दिए जाने के बावजूद इंडियन बैंक, यूको बैंक और केनरा बैंक सहित कुछ बैंकों के प्रबंधक बैठक में अनुपस्थित रहे, जिस पर असंतोष व्यक्त किया गया।
