सम्पूर्ण समाधान दिवस में 193 शिकायतें पहुंचीं, 10 का मौके पर निस्तारण

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील सिकंदरपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान आरजू खातून ने दिव्यांग पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बावजूद उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन अधिकारी को मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े - Ballia News : मजदूर की बेटी चांदनी ने हाईस्कूल में 95.33% अंक लाकर बढ़ाया मान, साइकिल देकर किया सम्मानित

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि कब्जा, वरासत और अन्य राजस्व संबंधी विवादों से जुड़ी रहीं। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, समाधान दिवस में कुल 193 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर, जिला विकास अधिकारी आनन्द प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.