- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कर्मचारी परिषद का कार्यक्रम, पदाधिकारियों ने ली शपथ
Ballia News : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कर्मचारी परिषद का कार्यक्रम, पदाधिकारियों ने ली शपथ
बलिया : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की जनपद शाखा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के नवनिर्मित सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकारिणी विस्तार के बाद नव-चयनित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने कहा कि यह दिवस श्रमिकों के संघर्ष, बलिदान और उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है। संघ के मंत्री विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि यह दिन कामगारों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को मजबूत करता है।
कर्मचारी नेता सुशील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भारत में पहली बार 1 मई 1923 को मद्रास में मजदूर दिवस मनाया गया था। उन्होंने कहा कि आज भी असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को न्यूनतम वेतन और सुरक्षा जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम में श्रमिकों की एकता, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया गया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा कार्यस्थल पर मानसिक स्वास्थ्य और बेहतर वातावरण पर दिए जा रहे फोकस का भी उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए घनश्याम चौबे को संघर्ष समिति का वरिष्ठ चेयरमैन बनाया गया। अन्य पदों पर भी कई सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों धर्मनाथ गोस्वामी, अरविंद सिंह, करुणेश श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह और राजेंद्र सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय तथा संचालन जिला मंत्री विनोद कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
