- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: कोटवा मोड़ के पास युवक को गोली मारी, गंभीर हालत में बीएचयू रेफर; दो हिरासत में
Ballia News: कोटवा मोड़ के पास युवक को गोली मारी, गंभीर हालत में बीएचयू रेफर; दो हिरासत में
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ के समीप सोमवार देर रात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू, वाराणसी भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायल अंगद ने अपने बयान में कोटवा निवासी सन्नी सिंह पुत्र विनोद सिंह, हिमांशु सिंह तथा तीन-चार अज्ञात लोगों के नाम बताए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. दानिश ने बताया कि युवक के पेट में गोली लगी है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
