कानपुर में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी पर जा रहे दो ट्रैफिक सिपाहियों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे दो ट्रैफिक सिपाही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक सिपाही की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कुछ ही देर बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया, जिससे ट्रक चालक की भी जान चली गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे बर्रा एलिवेटेड रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक ने पहले मोटरसाइकिल से जा रहे दोनों ट्रैफिक सिपाहियों को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक का शव बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक विभाग और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। मृतक ट्रैफिक सिपाही और ट्रक चालक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल सिपाही को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र और राकेश को बर्रा एलिवेटेड रोड पर जाम लगने की सूचना मिली थी। दोनों मोटरसाइकिल से यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मूल रूप से आगरा निवासी ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र की मौत हो गई, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.