- Hindi News
- मनोरंजन
- क्रेज़ी क्रेटोस बनी क्राफ्टन इंडिया राइजिंग स्टार इनविटेशनल 2026 की पहली चैंपियन
क्रेज़ी क्रेटोस बनी क्राफ्टन इंडिया राइजिंग स्टार इनविटेशनल 2026 की पहली चैंपियन
नई दिल्ली। रोहित "क्रेटोस" सक्सेना की कप्तानी वाली क्रेज़ी क्रेटोस ने क्राफ्टन इंडिया राइजिंग स्टार इनविटेशनल 2026 का पहला खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत का पहला बीजीएमआई राइजिंग स्टार्स इनविटेशनल टूर्नामेंट था, जिसमें केवल क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
रोहित 'क्रेटोस' बने एमवीपी
पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कप्तान रोहित "क्रेटोस" सक्सेना को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और बेस्ट राइजिंग स्टार का पुरस्कार दिया गया।
3 से 5 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 16 राइजिंग स्टार खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी पांच सदस्यीय टीमों की कप्तानी की। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 5 लाख रुपये थी, जबकि सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर किया गया।
रोमांचक रहा मुकाबला
टूर्नामेंट के पहले दिन छह मैचों के बाद जतिन हंटर्स 74 अंकों के साथ शीर्ष पर थी। दूसरे दिन 12 मैच पूरे होने तक क्रेज़ी क्रेटोस 137 अंकों के साथ बढ़त बनाने में सफल रही। अंतिम दिन भी टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पहला संस्करण अपने नाम कर लिया।
नए खिलाड़ियों को मंच देने की पहल
राइजिंग स्टार इनविटेशनल, क्राफ्टन इंडिया ईस्पोर्ट्स राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम का प्रमुख टूर्नामेंट है। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर से उभरते बीजीएमआई खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रोफेशनल ईस्पोर्ट्स के लिए तैयार करना है।
वर्ष 2026 में कार्यक्रम का विस्तार करते हुए एलीट राइजिंग स्टार्स और बैकअप राइजिंग स्टार्स जैसी नई श्रेणियां भी जोड़ी गई हैं। इसके तहत खिलाड़ियों को कोचिंग, अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन, प्रतिस्पर्धी अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है।
क्राफ्टन इंडिया ने जताई खुशी
क्राफ्टन इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर (ईस्पोर्ट्स) करण पाठक ने कहा कि राइजिंग स्टार इनविटेशनल ने उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी क्षमता और नेतृत्व दिखाने का शानदार अवसर दिया। उन्होंने विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागियों को पहले संस्करण को सफल बनाने के लिए बधाई दी।
वहीं, विजेता कप्तान और एमवीपी रोहित "क्रेटोस" सक्सेना ने कहा कि पहला राइजिंग स्टार इनविटेशनल जीतना उनकी पूरी टीम के लिए बेहद यादगार उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राइजिंग स्टार्स प्रोग्राम ने नए खिलाड़ियों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और प्रोफेशनल ईस्पोर्ट्स में आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच उपलब्ध कराया है।
राइजिंग स्टार इनविटेशनल के पहले संस्करण में 2025 और 2026 बैच के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट की सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया कि क्राफ्टन इंडिया भारत में मजबूत और दीर्घकालिक ईस्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
