Ballia News : खाई में गिरा अनियंत्रित ऑटो, मां की मौत, दो बेटियां घायल

बलिया : चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर–कारो महेंद्र मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे खाई में गिर गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) निवासी अर्चना पांडेय (40) पत्नी पंचम पांडेय अपनी गर्भवती बेटी प्रीति पांडेय (26) पत्नी सुरेंद्र तिवारी (निवासी उत्तर टोला, बांसडीह, बलिया) को निजी चिकित्सक के यहां दिखाकर दूसरी बेटी प्रिया पांडेय (20) के साथ ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं।

यह भी पढ़े - स्थानीय युवा ने किया बदलाव का नेतृत्व: आर्या.एजी के को-फाउंडर आनंद चंद्र ने प्रयागराज में एसएचजी वीमेन लीडरशिप प्रोग्राम का संचालन किया

बताया जा रहा है कि धर्मापुर चट्टी के आगे कारो मार्ग पर एक बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में ऑटो सवार तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अर्चना पांडेय की मौत हो गई, जबकि दोनों बेटियों का इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.