Ballia News : पट्टीदारी विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, मुंबई से लौटा था घर

बलिया : रेवती थाना क्षेत्र के रेवती कस्बे में पट्टीदारी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मंगलवार को हुए इस हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

रेवती कस्बे के तुरहा टोला निवासी लालबहादुर तुरहा (45) मुंबई में रहकर मजदूरी करता था, जबकि उसकी पत्नी सुनीता देवी चार बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। चार दिन पहले सुनीता देवी का पट्टीदारों की महिलाओं से विवाद हुआ था। सुनीता ने आरोप लगाया था कि उसके साथ मारपीट की गई। इसकी जानकारी उसने फोन पर अपने पति को दी थी।

यह भी पढ़े - बलिया में पत्नी की हत्या: डंडे से पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा पति, गिरफ्तार

पत्नी की बात सुनकर लालबहादुर सोमवार रात मुंबई से घर लौट आया। मंगलवार सुबह जब उसने पट्टीदारों से इस विवाद के बारे में पूछताछ की, तो मामला तूल पकड़ गया और आरोपितों ने उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल लालबहादुर को परिजन तुरंत सीएचसी रेवती ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल, फिर मऊ और आखिर में वाराणसी रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

मृतक की मां फुलझरिया देवी ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.