Ballia News : मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, ताजिया की ऊंचाई कम रखने और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

बलिया: 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि ताजिया की ऊंचाई पिछले वर्षों की तुलना में कम रखी जाए। साथ ही जहां-जहां ताजिया का निर्माण किया जा रहा है, उन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए और आयोजकों से जुलूस निकालने संबंधी लिखित अनुमति व आवश्यक विवरण प्राप्त किया जाए।

यह भी पढ़े - Ballia News: अखिलेश यादव की बेटी को लेकर अभद्र पोस्ट शेयर करने पर बलिया में एफआईआर, सपा नेताओं में आक्रोश

उन्होंने स्पष्ट कहा कि ताजिया जुलूस में कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र लेकर नहीं चलेगा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटके और जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

बैठक में रामपुर उदयभान वार्ड संख्या-13 में विद्युत पोल के पास तार होने की शिकायत पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सिया मस्जिद और रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में लटके जर्जर बिजली के तारों को भी जल्द ठीक कराने को कहा गया।

नगर पालिका परिषद को ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को मोहर्रम से पूर्व शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम सदर, सभी थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.