- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : बलिया के किसान गोवंश संरक्षण में सबसे आगे, 2295 गोवंश संरक्षित
Ballia News : बलिया के किसान गोवंश संरक्षण में सबसे आगे, 2295 गोवंश संरक्षित
बलिया : उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला और सदस्य दीपक गोयल ने जनपद के किसानों की गोपालन और गोवंश संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बलिया के किसान गोवंश संरक्षण को लेकर बेहद गंभीर हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 2295 गोवंश संरक्षित हैं। सरकार की योजना के तहत इच्छुक किसान या सेवक गौशालाओं से गौमाताओं को अपने घर ले जा सकते हैं।
एक व्यक्ति आधार कार्ड के आधार पर अधिकतम चार गोवंश ले सकता है। प्रत्येक गोवंश के भरण-पोषण के लिए सरकार द्वारा प्रति माह 1500 रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौमाता का स्थान केवल गौशालाएं नहीं, बल्कि घरों में रखकर उनका संरक्षण करना अधिक उपयुक्त है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में गौशालाओं के निरीक्षण के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साथ ही सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में 7700 से अधिक गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें लगभग 16 लाख गोवंश संरक्षित हैं।
बलिया जनपद में 30 गौशालाएं हैं, जहां 2295 गोवंश रखे गए हैं, जबकि 1130 गोवंश किसानों और सेवकों के घरों में संरक्षित किए जा रहे हैं।
