UP News : महाराजगंज, वाराणसी और इटावा में बड़ी कार्रवाई, 20 करोड़ से अधिक का गांजा बरामद, 6 तस्कर गिरफ्तार

महाराजगंज/वाराणसी/इटावा : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, वाराणसी और इटावा जिलों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक कीमत का अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

यह भी पढ़े - मोटल 6 फ्रेंचाइज़ कन्वेंशन में दुनियाभर के पार्टनर्स को मिलेंगे बिज़नेस के नए अवसर

एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनेश चंद्र बिस्वास ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने बिहार के गोपालपुर थाना क्षेत्र निवासी रणजीत गिरी (37) को गिरफ्तार किया। उसके ट्रक से गांजे के 21 बंडल बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नेपाल से ट्रक के जरिए गांजा लाकर इलाके में आपूर्ति करने वाला था। आरोपी को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को सौंप दिया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

वहीं, वाराणसी में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मऊ जनपद के मुस्तफाबाद निवासी अजय गिरी के रूप में हुई है। उसे रविवार को फुलवरिया पुल से 200 मीटर आगे वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर वाराणसी कैंट क्षेत्र से पकड़ा गया।

उधर, इटावा जिले में एसओजी, सर्विलांस और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात एक कार से एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया।

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख (27), सौरभ सिंह (27), ऋषि सिंह (22) और भारत सिंह (36) के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.