- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रतापगढ़
- Pratapgarh News : पेड़ से लटका मिला दलित युवती का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Pratapgarh News : पेड़ से लटका मिला दलित युवती का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
प्रतापगढ़ : प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर मानिकपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अनुसूचित जाति (दलित) की 19 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की हालत देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर युवती की चप्पल और अंत:वस्त्र मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।
एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
