- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- कानपुर देहात में सड़क किनारे तालाब में गिरी वैन, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
कानपुर देहात में सड़क किनारे तालाब में गिरी वैन, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। शिवली थाना क्षेत्र के सवई गांव के पास एक निजी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार दो वर्षीय बच्चे समेत चार लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), उनकी पुत्री हिमांशी अग्निहोत्री (30) और उनके दो वर्षीय पोते शिव अग्निहोत्री के रूप में हुई है। वैन में कुल 11 लोग सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वैन सड़क किनारे तालाब में गिर गई और धीरे-धीरे गहरे पानी में डूब गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जेसीबी मशीन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया और वैन को तालाब से बाहर निकाला। सभी घायलों को शिवली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर स्थित लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वैन चालक राजकुमार घटना के बाद से लापता है और उसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
