- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा से शिक्षामित्रों में खुशी, मंदिर जाकर जताया मुख्यमंत्री का आभार
मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा से शिक्षामित्रों में खुशी, मंदिर जाकर जताया मुख्यमंत्री का आभार
बलिया। अप्रैल माह से शिक्षामित्रों के मानदेय में आठ हजार रुपये की वृद्धि की घोषणा के बाद जिले के शिक्षामित्रों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विधानसभा में शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये के स्थान पर 18 हजार रुपये मानदेय देने की घोषणा किए जाने के बाद शिक्षामित्रों ने इसे लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष की बड़ी उपलब्धि बताया।
पंकज सिंह ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के साथ-साथ बलिया जिले के 2700 से अधिक शिक्षामित्रों के लिए राहत भरा है। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ोतरी से शिक्षामित्रों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके कार्य के प्रति मनोबल भी बढ़ेगा।
शिक्षामित्र संघ के प्रांतीय संयुक्त मंत्री अखिलेश पांडेय ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों की समस्याओं और भावनाओं को समझते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले सरकार द्वारा कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी जा चुकी है।
जिला महामंत्री अमृत सिंह ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी शिक्षामित्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्ण निर्णय लेगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री डिंपल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष लालजी वर्मा, जगनरायण पाठक, शिवजी यादव, अरविंद तिवारी, अनिल कनौजिया सहित अन्य शिक्षामित्र मौजूद रहे।
