प्रयागराज में नसबंदी के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, सड़क जाम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नसबंदी ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चाका पहुंचकर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार, नैनी क्षेत्र के मुंडी चक गांव निवासी रोशनी (28) शुक्रवार सुबह अपने पति प्रवेश के साथ नसबंदी कराने चाका सीएचसी पहुंची थीं। यहां आयोजित शिविर में शाम करीब चार बजे सर्जन डॉ. प्रतिमा मिश्रा और डॉ. आशुतोष द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया।

यह भी पढ़े - बलिया में पीएमश्री विद्यालयों की जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता, नरहीं नंबर एक बना ओवरऑल चैंपियन

ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर स्थिति में स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि एसआरएन अस्पताल ले जाने के बजाय महिला को जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन शव लेकर चाका सीएचसी पहुंचे। परिजनों, खासकर महिलाओं ने शव को करीब 50 मीटर तक लेकर सड़क पर पहुंचाया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया। हंगामे के दौरान एम्बुलेंस कर्मियों से मारपीट की भी सूचना है।

सूचना मिलने पर नैनी थाना प्रभारी और बाद में सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों ने संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, गिरफ्तारी और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। बाद में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी और तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद परिजन चार लाख रुपये मुआवजे पर सहमत हो गए।

प्रशासन की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा बच्चों के भरण-पोषण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे जाम समाप्त कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.