Ballia News: बलिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, 1.40 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बलिया। दुबहर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 700 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस खुलासे की जानकारी पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बुधवार को दी। दोनों आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और एक-दूसरे के सहयोगी हैं। पुलिस ने दोनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी का विवरण

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और उनकी टीम, जिसमें उप निरीक्षक कालीशंकर तिवारी, हेड कांस्टेबल रईश अहमद, दिनेश विश्वकर्मा और कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल थे, क्षेत्र की गश्त पर थे। इस दौरान चकिया के बारी (जनाड़ी) बांध के पास स्थित हनुमान मंदिर के नजदीक से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़े - बलिया : सहतवार रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

गिरफ्तार आरोपियों में सोनबरसा, थाना बैरिया के अनिल सिंह (पुत्र कामता सिंह) और गोपालपुर, दुबे छपरा, थाना बैरिया के रिपुंजय तिवारी (पुत्र शुभनरायन तिवारी) शामिल हैं। अनिल सिंह के पास से 400 ग्राम और रिपुंजय तिवारी के पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके अलावा पुलिस ने 27,500 रुपये नकद भी बरामद किए।

आपराधिक पृष्ठभूमि

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनिल सिंह वर्ष 2011 में शाहजहांपुर में हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। वहीं उसकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी एक तस्कर से हुई। जेल से जमानत पर छूटने के बाद अनिल सिंह उसी के जरिए हेरोइन तस्करी में लिप्त हो गया।

दूसरा आरोपी रिपुंजय तिवारी वर्ष 2007 में हुई हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। वह जिला बदर भी रह चुका है। उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं, जबकि अनिल सिंह के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने इन दोनों तस्करों की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी बताया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.