- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए स्व-गणना के निर्देश
Ballia News : जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए स्व-गणना के निर्देश
बलिया। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को विभागीय कर्मचारियों, एनएएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और संबंधित कर्मियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से अभियान चलाने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में बीडीओ द्वारा बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि अधिकारी को किसान यूनियनों के माध्यम से किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। समाज कल्याण अधिकारी को पेंशनरों तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को विधवा पेंशन समेत अन्य लाभार्थियों को स्व-गणना अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियां, पेट्रोल पंप, कोटेदार और अन्य संस्थान भी अपने स्तर पर इस अभियान को बढ़ावा दें। उन्होंने बताया कि आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं।
जनजागरूकता के लिए स्कूलों की प्रार्थना सभा, ई-रिक्शा, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सफाई कर्मचारियों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
