Ballia News: शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मंत्री दयाशंकर सिंह ने बांटे चेक, विकास योजनाओं की दी जानकारी

बलिया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्रों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान 18 शिक्षामित्रों को 18-18 हजार रुपये के चेक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को समाज में सम्मान मिलना चाहिए और सरकार उनके हितों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 1 लाख 43 हजार शिक्षामित्रों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये मानदेय देने का निर्णय लिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुका है। इससे पहले वर्ष 2017 में मानदेय 3 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है।

यह भी पढ़े - छात्रा से कथित दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी प्रधानाध्यापक निलंबित

उन्होंने यह भी बताया कि अनुदेशकों को 17 हजार रुपये वेतन, 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, बीएसए मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे। जिले में कुल 2754 शिक्षामित्र कार्यरत हैं।

जिले में तेजी से बढ़ रहा विकास कार्य

समारोह के दौरान मंत्री दयाशंकर सिंह ने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैना से हल्दी तक बाईपास कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। भृगु मंदिर कॉरिडोर के लिए 50 करोड़ रुपये, कटहल नाला निर्माण के लिए 31 करोड़ रुपये और सफाई कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय निर्माण, जीजीआईसी स्कूल में निर्माण कार्य, रोडवेज डिपो के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति, तथा रसड़ा, बेल्थरारोड और बैरिया में रोडवेज निर्माण की योजना पर काम चल रहा है। उजियार में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

मंत्री ने बताया कि माल्देपुर से विजयीपुर तक गंगा नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से ठोकर निर्माण होगा। मेडिकल कॉलेज के लिए भी धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि बलिया का समग्र विकास तेजी से हो रहा है और आने वाले समय में यह जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.