UP News : गुरुवार से शुरू होगी डिजिटल जनगणना-2027, खुद ऑनलाइन भर सकेंगे जानकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होने जा रही है। इस बार जनगणना की शुरुआत डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें नागरिक खुद ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी भर सकेंगे।

डिजिटल जनगणना के तहत नागरिक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी बनाकर ओटीपी के जरिए सत्यापन करेंगे। इसके बाद उन्हें एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे। फॉर्म सबमिट करने के बाद 11 अंकों का एक विशेष कोड (एसई-आईडी) मिलेगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। बाद में जब जनगणना कर्मचारी भौतिक सत्यापन के लिए घर पहुंचेंगे, तो यह कोड साझा करना होगा।

यह भी पढ़े - लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर पर लगेगा ‘तेजस’ विमान का मॉडल, युवाओं को देगा प्रेरणा

यह ऑनलाइन सुविधा 7 मई से 21 मई तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 22 मई से जनगणना कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगी। जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे, उनकी जानकारी कर्मचारी स्वयं भरेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से आधार नंबर या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी नहीं मांगी जाएगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

गौरतलब है कि देश में पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। इस बार पहले चरण में घरों और उनमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी एकत्र की जाएगी, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या, साक्षरता, जाति और रोजगार से संबंधित विस्तृत आंकड़े जुटाए जाएंगे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.